सीएम धामी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, बदरी गाय का घी-शहद भेंट कर उत्तराखंड आने का दिया न्योता, यह सहयोग के लिए आग्रह
देहरादून/नई दिल्ली - उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया।
मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को टिहरी स्थित शक्तिपीठ मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बदरी गाय का घी, विभिन्न जिलों की राजमा और शहद भेंट किए। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राज्य को मिल रहे सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार भी जताया।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में होने वाले कुंभ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना की फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास और पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी हवाई पट्टी से जुड़े प्रस्तावों पर केंद्र के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक में राज्य की प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं जैसे ऋषिकेश में विद्युत लाइनों का भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी मार्ग के विकास पर भी चर्चा हुई। सीएम धामी ने उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि चोपता, दुग्गलबिट्ठा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर क्षेत्र में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
पर्यटन और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के लिए राज्य में शीतकालीन यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है और हेली सेवाएं भी शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस परियोजना का विस्तार हरिद्वार और ऋषिकेश तक करने का अनुरोध किया। साथ ही राज्य में रक्षा उपकरण निर्माण इकाइयों की स्थापना, टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा और दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।
रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबलिंग जैसे कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में होम-स्टे योजना के तहत 6000 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रस्तावित परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए उत्तराखंड आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
