हल्द्वानी - आम्रपाली विश्वविद्यालय में गूंजा शास्त्रीय संगीत, पद्म भूषण पंडित साजन मिश्रा ने बांधा समां
हल्द्वानी। भारतीय शास्त्रीय संगीत और संस्कृति को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यरत संस्था स्पिक मैके द्वारा आम्रपाली विश्वविद्यालय में शास्त्रीय गायन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बनारस घराने के प्रख्यात शास्त्रीय गायक पद्म भूषण पंडित साजन मिश्रा ने अपनी मधुर प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विश्वविद्यालय के सीईओ डॉ. संजय ढींगरा, सचिव बिंदू चावला एवं प्रतिकुलपति प्रो. (डॉ.) एस.के. सिंह ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
पंडित साजन मिश्रा ने शिव स्तुति, तराना तथा प्रसिद्ध भजन “धन्य भाग सेवा का अवसर पाया” की प्रस्तुति देकर पूरे सभागार को संगीतमय वातावरण में सराबोर कर दिया। उनकी संगत प्रख्यात गायक पंडित स्वरांश मिश्रा ने की, जबकि तबले पर चित्रांक पंत और हारमोनियम पर संदीप मोहन्ती ने शानदार संगत दी।
ज्ञात हो कि पंडित साजन मिश्रा अपने दिवंगत भाई पंडित राजन मिश्रा के साथ विश्व प्रसिद्ध “राजन-साजन” जोड़ी के रूप में जाने जाते रहे हैं। भारतीय शास्त्रीय संगीत में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2007 में पद्म भूषण सम्मान से नवाजा गया था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पंडित जी ने सरलता से उत्तर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता पाण्डे ने किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. एम.के. शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं प्रसार के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
