हल्द्वानी - MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में बवाल, नैनीताल रोड पर भिड़े छात्र गुट, युवक का सर फोड़ा
हल्द्वानी - कुमाऊं के सबसे बड़े महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान मंगलवार को हंगामा हो गया। मतदान खत्म होने के बाद नैनीताल रोड पर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में एक छात्र नेता के सिर पर चोट लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद सचिव पद के प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी और भविष्य रावत के समर्थक गुटों के बीच हुआ। मारपीट में सार्थक रस्तोगी का एक समर्थक घायल बताया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। जानकारी के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद कॉलेज से बाहर निकले छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों के छात्र आपस में भिड़ गए। छात्रों के बीच लात-घूंसे चलने लगे।
मारपीट के दौरान एक छात्र नेता के सिर पर चोट लग गई। घायल छात्र को उपचार के लिए ले जाया गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और छात्रों के बीच अफरा-तफरी देखने को मिली। घटना के दौरान छात्राओं में भी आक्रोश देखने को मिला। विवाद बढ़ने पर कुछ छात्राएं भी मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में शामिल होती दिखाई दीं। इससे मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ मतदान -
मंगलवार को कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान भी पूरा हो चुका है। अब सभी की नजर चुनाव परिणाम पर है। मतदान के बाद छात्रों के बीच हुई इस झड़प ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।


