उत्तराखंड - मसूरी की वादियों पर फिदा हुईं बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी, बोलीं- बादलों के ऊपर तैरकर पहुंचने जैसा लगा
मसूरी - बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी इन दिनों पहाड़ों की रानी मसूरी की खूबसूरती का आनंद ले रही हैं। मसूरी पहुंचने पर उन्होंने यहां की प्राकृतिक सुंदरता, हरियाली और शांत वातावरण की जमकर सराहना की। पत्रकारों से बातचीत में संगीता बिजलानी ने कहा कि देहरादून से मसूरी तक की यात्रा उनके लिए बेहद यादगार रही। उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस हो रहा था मानो वह बादलों के ऊपर तैरते हुए मसूरी पहुंच रही हों। उन्होंने इसे अपने जीवन की सबसे खूबसूरत यात्राओं में से एक बताया।
संगीता बिजलानी ने बताया कि वह पहली बार मसूरी आई हैं और यहां की वादियों ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि मसूरी वास्तव में बेहद सुंदर पर्यटन स्थल है और यहां आकर उन्हें विशेष खुशी का अनुभव हुआ।फिल्मों में वापसी के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में कुछ सरप्राइज और कुछ रहस्य बने रहने चाहिए, क्योंकि अगर हर बात पहले से तय हो जाए तो जीवन का रोमांच खत्म हो जाता है।
उन्होंने मसूरी के प्रसिद्ध माल रोड की भी तारीफ की और स्थानीय बेकरी के उत्पादों का स्वाद लेकर उनकी गुणवत्ता की सराहना की। अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त करते हुए संगीता बिजलानी ने कहा कि उन्हें हमेशा दर्शकों का भरपूर प्यार और स्नेह मिला है। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मसूरी की स्वच्छता बनाए रखने तथा इसकी प्राकृतिक सुंदरता के संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
