उत्तराखंड - किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में बड़ा अपडेट, ITI कोतवाली प्रभारी समेत 12 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

 | 
उत्तराखंड - किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में बड़ा अपडेट, ITI कोतवाली प्रभारी समेत 12 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

हल्द्वानी/काशीपुर - हल्द्वानी में हुए काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामले में 79 दिन की लंबी जांच के बाद एसआईटी (SIT) ने बड़ा खुलासा करते हुए काशीपुर के आईटीआई कोतवाली प्रभारी कुंदन रौतेला सहित 12 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला पहले से ही संवेदनशील बना हुआ था और अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद इसमें कई अहम तथ्य उजागर हुए हैं।

एसआईटी द्वारा दाखिल की गई 28 पेज की विस्तृत चार्जशीट में कुल 12 आरोपियों को दोषी ठहराया गया है, जबकि शुरुआती मुकदमे में 26 लोगों को नामजद किया गया था। जांच के दौरान टीम ने 56 लोगों को गवाह बनाया, जिनके बयान और साक्ष्यों के आधार पर यह चार्जशीट तैयार की गई। मामले में आईटीआई कोतवाली प्रभारी कुंदन रौतेला पर मृतक किसान सुखवंत सिंह को आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकाने के गंभीर आरोप लगे थे। आरोप है कि पुलिस की प्रताड़ना से परेशान होकर सुखवंत सिंह ने यह कदम उठाया।

आत्महत्या से पहले सुखवंत सिंह ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने तत्कालीन एसएसपी और कोतवाल सहित कई लोगों के नाम लेकर आरोप लगाए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ गया था और निष्पक्ष जांच की मांग उठी थी। एसआईटी ने जांच को मजबूत बनाने के लिए कई इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कराई। इसमें ईमेल और डिजिटल रिकॉर्ड्स को एक्सपर्ट टीम के जरिए खंगाला गया, जिससे केस को मजबूती मिली। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामला कोर्ट में विचाराधीन होगा। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज होने की संभावना है, वहीं पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है।

WhatsApp Group Join Now