उत्तराखंड - BRO भ्रष्टाचार मामले में CBI का बड़ा एक्शन, प्रदेश के इन पांच जिलों में एक साथ छापेमारी, मची खलबली
देहरादून - सीमा सड़क संगठन (BRO) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार तड़के उत्तराखंड के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई से संबंधित विभागों, अधिकारियों और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने मुनस्यारी, पिथौरागढ़, नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून में विभिन्न कार्यालयों, आवासों और कैंप कार्यालयों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान निर्माण कार्यों से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की गई। कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस का सहयोग भी लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई बीआरओ के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं, वित्तीय गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में की गई है। बताया जा रहा है कि सीबीआई इस मामले की लंबे समय से जांच कर रही थी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद एक साथ कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
कुमाऊं क्षेत्र में सीबीआई देहरादून की टीम ने मुनस्यारी, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कार्यालयों, आवासों एवं कैंप कार्यालयों की जांच की, जबकि हरिद्वार और देहरादून में बाहरी राज्यों से आई सीबीआई टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल सीबीआई की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
