भवाली- कैंची धाम में टूटा आस्था का रिकॉर्ड, 1 लाख से अधिक इतने श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन

 | 
भवाली- कैंची धाम में टूटा आस्था का रिकॉर्ड, 1 लाख से अधिक इतने श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन

नैनीताल - विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के 62वें स्थापना दिवस पर आस्था का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा। इस वर्ष स्थापना दिवस मेले में अब तक के सभी रिकॉर्ड टूट गए और देर रात तक कुल 1,19,228 श्रद्धालुओं ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।


सोमवार सुबह से ही देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कैंची धाम पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र दिनभर बाबा के जयकारों और भजनों से गुंजायमान रहा। शाम आठ बजे तक ही एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जबकि देर रात तक यह संख्या बढ़कर 1,19,228 पहुंच गई।


मेले के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी बाबा के दर्शन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की लगातार निगरानी की।

जिला प्रशासन ने मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए काठगोदाम और हल्द्वानी से विशेष शटल सेवाएं संचालित की गईं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले भक्तों के लिए भी अलग परिवहन व्यवस्था की गई। मंदिर क्षेत्र को जीरो जोन घोषित कर सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के विशेष प्रबंध किए गए थे। वहीं एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जाम की स्थिति से बचने और यात्रा को सुगम बनाने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था, जिसके तहत शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से कैंची धाम पहुंचाया गया।

 

श्रद्धालुओं ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की। अधिकारियों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तैयारी कर रखी है।

 

स्थापना दिवस के अवसर पर कैंची धाम पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से ऐतिहासिक रहा, बल्कि श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में भी नया कीर्तिमान स्थापित कर गया।

WhatsApp Group Join Now