Assembly Election 2027 - उत्तराखंड भाजपा में टिकट को लेकर सख्ती, आठ विधायकों पर खतरा, कट सकता है टिकट 

 | 
Assembly Election 2027 - उत्तराखंड भाजपा में टिकट को लेकर सख्ती, आठ विधायकों पर खतरा, कट सकता है टिकट 

Assembly Election 2027 - आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने ही विधायकों के प्रदर्शन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के आंतरिक सर्वे में आठ विधायकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया है, जिससे उनकी उम्मीदवारी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने हाल ही में दो अलग-अलग सर्वे कराए, जिनमें कई सीटों पर पार्टी की स्थिति कमजोर नजर आई। खासतौर पर जिन सीटों पर वर्तमान में भाजपा के विधायक हैं, वहां भी हार की आशंका जताई गई है। इन सीटों पर विधायकों की जनता के बीच कम सक्रियता और अधूरे वादे प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।

 

लगातार दो बार सत्ता में रहने के बाद भाजपा अब तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। इसी के चलते संगठन ने सभी सीटों की गहन समीक्षा शुरू कर दी है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विधायकों को साफ संदेश दिया गया है कि वे जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करें और जनता से किए वादों को जल्द पूरा करें।

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी स्पष्ट कर दिया है कि पार्टी के लिए “जिताऊ उम्मीदवार” ही प्राथमिकता होंगे। ऐसे में यदि संबंधित विधायक अपने प्रदर्शन में सुधार नहीं करते हैं, तो आगामी चुनाव में उनके टिकट काटे जा सकते हैं। पार्टी अब उन सीटों पर भी विशेष रणनीति बना रही है, जहां पिछले चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ा था। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में संगठनात्मक गतिविधियां और भी तेज होंगी, ताकि किसी भी तरह की सत्ता विरोधी लहर को पनपने से रोका जा सके।

WhatsApp Group Join Now