उत्तराखंड - अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर एक और मुकदमा दर्ज, 17 वर्षीय बेटी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप 
 

 | 
उत्तराखंड - अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर एक और मुकदमा दर्ज, 17 वर्षीय बेटी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप

देहरादून - सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और धमकी देने के आरोप में उर्मिला सनावर के खिलाफ पटेल नगर थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता कल्पना त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर ने उनके और मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की। इतना ही नहीं, शिकायत में उनकी 17 वर्षीय बेटी के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने और परिवार को धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

कल्पना त्रिपाठी के मुताबिक, 10 सितंबर को उर्मिला सनावर ने व्हाट्सएप और फेसबुक पर मुख्यमंत्री की प्रोफाइल फोटो को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर से संबंधित जानकारी भी फेसबुक पर पोस्ट की गई। जानकारी सार्वजनिक किए जाने और टिप्पणियों का विरोध करने पर उर्मिला सनावर ने कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के बाद उर्मिला सनावर के एक समर्थक ने फेसबुक पर कल्पना त्रिपाठी की 17 वर्षीय बेटी के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके अलावा शिकायतकर्ता की एक मित्र को फोन कर उन्हें और उनके बच्चों को जान से मरवाने की कथित धमकी दिए जाने का भी आरोप है। इन घटनाओं के बाद कल्पना त्रिपाठी ने पटेल नगर थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों और कथित धमकियों से संबंधित जानकारी भी दी है। पुलिस अब फेसबुक और व्हाट्सएप पर किए गए पोस्ट और टिप्पणियों की जांच कर रही है। साथ ही कथित तौर पर धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए फोन नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

मामले में पटेल नगर थाने में उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शिकायतकर्ता की नाबालिग बेटी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किस सोशल मीडिया अकाउंट से की गई और संबंधित व्यक्ति की भूमिका क्या है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट, टिप्पणियों और कथित धमकी से जुड़े साक्ष्यों की जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

 

WhatsApp Group Join Now