उत्तराखंड - अंकिता भंडारी केस में सुर्खियों में रही अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मामला दर्ज, जानिए वजह
देहरादून - सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मामला दर्ज किया गया है। एक महिला की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के माध्यम से महिला के खिलाफ लगातार अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिख रही थीं। महिला ने पुलिस से शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने के साथ आत्महत्या के लिए भी उकसाया जा रहा था।
महिला ने तहरीर में कहा कि उर्मिला सनावर सोशल मीडिया के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रही थीं। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उर्मिला के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले -
उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में पहले भी कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज मामला भी शामिल है। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर भी उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरती गौड़ ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों की ओर से धमकी भरे फोन आने लगे थे।
सुरेश राठौर को लेकर भी रही हैं चर्चा में -
उर्मिला सनावर नवंबर 2025 में सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने के बाद भी सुर्खियों में आई थीं। उन्होंने हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई थी।
उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर अपना नाम 'एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर' लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित पक्षों के अपने-अपने दावे रहे हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी आईं थीं सुर्खियों में -
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर चर्चा में रही थीं। उन्होंने कुछ सफेदपोश लोगों और राजनेताओं के मामले में शामिल होने संबंधी दावे किए थे। उनके बयानों और राजनीतिक आरोपों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भी भेजा था। नए मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट, टिप्पणियों और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की पड़ताल की जाएगी।



