देहरादून - अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर बैठे, व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद इनके खिलाफ FIR की मांग
देहरादून - अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। अपनी दिवंगत बेटी की निजता और सम्मान को लेकर न्याय की मांग कर रहे अंकिता के माता-पिता अब देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके सहयोगी अनुज मंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि कई थानों के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा।
दरअसल, बीते दिनों विनोद आर्य और उनके साथ मौजूद एक अधिवक्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अंकिता भंडारी की कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। इस दौरान अंकिता और उनके कथित दोस्त को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद प्रदेशभर में विरोध शुरू हो गया। अंकिता के माता-पिता ने इस घटनाक्रम को अपनी बेटी की निजता और सम्मान पर हमला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धरने पर बैठी अंकिता की मां ने अंकिता के मोबाइल फोन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बेटी का मोबाइल फोन विनोद आर्य के पास हो सकता है। उनका कहना है कि एक तरफ मोबाइल फोन उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ कथित चैट सार्वजनिक की जा रही हैं। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि अंकिता का मोबाइल फोन आखिर कहां है और उसकी निजी बातचीत किसके पास पहुंची। उन्होंने मोबाइल फोन से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि विनोद आर्य और उनके सहयोगी उनकी बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही हैं, जबकि उन बातचीत में उनकी बेटी ने अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी थी। उन्होंने विनोद आर्य और अनुज मंडल के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, परिवार गांधी पार्क में अनशन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य बेटी को न्याय दिलाना और उसकी गरिमा की रक्षा करना है।
इधर, कांग्रेस ने भी अंकिता के माता-पिता के धरने को समर्थन दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पूरे घटनाक्रम को निंदनीय और संवेदनहीन बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेता हरीश रावत, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता चल रही थी। इसी दौरान जानकारी मिली कि अंकिता के माता-पिता कांग्रेस कार्यालय के नजदीक गांधी पार्क में धरने पर बैठे हैं।
गोदियाल के मुताबिक, धरने की वजह जानने पर पता चला कि कुछ दिन पहले अंकिता हत्याकांड के आरोपी पक्ष के रिश्तेदारों और सहयोगियों ने पत्रकार वार्ता कर कथित चैट सार्वजनिक की थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस माध्यम से अंकिता के चरित्र पर सवाल खड़े करने की कोशिश की गई। गोदियाल ने कहा कि किसी दिवंगत बेटी की निजता और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला ऐसा कृत्य बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।





