उत्तराखंड- स्कूल के बाहर जलभराव से नाराज बच्चे नगर निगम पहुंचे, नगर आयुक्त के कार्यालय में ही लगाई क्लास

 | 
उत्तराखंड- स्कूल के बाहर जलभराव से नाराज बच्चे नगर निगम पहुंचे, नगर आयुक्त के कार्यालय में ही लगाई क्लास

उत्तराखंड - देशभर में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों की मांग को लेकर जेन अल्फा के प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को रुड़की में भी अनोखा नजारा देखने को मिला। कृष्णा नगर स्थित स्काईवर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। एक के बाद एक तीन स्कूल बसों के निगम परिसर में पहुंचने से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।


दरअसल, स्कूल के बाहर लंबे समय से जलभराव की समस्या से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल के बाहर कई-कई फीट तक पानी जमा होने से बच्चों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। इसी समस्या को लेकर शुक्रवार को स्कूल के बच्चे और शिक्षक नगर निगम पहुंचे और नगर निगम के खिलाफ विरोध जताया।


बच्चों और शिक्षकों ने नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल के कार्यालय में पहुंचकर जलभराव की समस्या को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। विरोध के बीच शिक्षकों ने नगर निगम कार्यालय में ही बच्चों की कक्षा भी लगाई।


छात्र-छात्राओं का कहना था कि स्कूल के बाहर जलभराव के कारण उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं शिक्षकों ने भी नगर निगम से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। बच्चों के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की क्षेत्र में चर्चा रही।

WhatsApp Group Join Now