हल्द्वानी - गैस संकट के बीच 12वीं पास दो युवाओं ने किया अविष्कार, गाड़ियों के खराब मोबिल ऑयल से जला डाला चूल्हा 
 

 | 
हल्द्वानी - गैस संकट के बीच 12वीं पास दो युवाओं ने किया अविष्कार, गाड़ियों के खराब मोबिल ऑयल से जला डाला चूल्हा 

हल्द्वानी - कहा जाता है कि हुनरमंद व्यक्ति किसी का मोहताज नहीं होता, और मुश्किल हालात में उसका कौशल और भी निखरकर सामने आता है। इस कहावत को चरितार्थ किया है हल्द्वानी के रामपुर रोड निवासी शिवम सुयाल और उत्तर प्रदेश के चंदौसी के रहने वाले शिव प्रताप ने। दोनों इंटरमीडिएट पास युवाओं ने गैस संकट के बीच एक अनोखा चूल्हा तैयार किया है, जो वाहनों के खराब मोबिल ऑयल से जलता है। स्टोव की तरह काम करने वाले इस चूल्हे को बनाने में अधिकतर स्क्रैप सामग्री का उपयोग किया गया है।

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण उत्पन्न गैस संकट से प्रेरित होकर दोनों के मन में यह विचार आया। उन्होंने बाइक के पुराने पुर्जों से यह चूल्हा तैयार किया है, जिसमें एक मोटर भी लगाई गई है। यह मोटर 12 वोल्ट की बैटरी या एडॉप्टर से चलती है, जिससे निकलने वाली हवा चूल्हे की आंच को तेज और नियंत्रित बनाती है।

इस चूल्हे में ईंधन के रूप में इस्तेमाल होने वाला खराब मोबिल ऑयल, जो आमतौर पर बेकार समझकर फेंक दिया जाता है, अब उपयोगी साबित हो रहा है। शिवम का दावा है कि यह चूल्हा पूरी तरह सुरक्षित है। उनके साथी शिव प्रताप इन दिनों इसी चूल्हे पर खाना बना रहे हैं। उनका कहना है कि एक लीटर खराब मोबिल ऑयल से एक छोटे परिवार का पूरे दिन का खाना आसानी से बनाया जा सकता है।

इस अनोखे आविष्कार की चर्चा तेजी से फैल रही है। शिवम ने बताया कि उन्होंने यह चूल्हा महज तीन दिन पहले बनाया था और अब तक उन्हें इसके 10 से अधिक ऑर्डर मिल चुके हैं। इसे तैयार करने में लगभग एक हजार रुपये की लागत आती है। यह आविष्कार न केवल गैस के विकल्प के रूप में उभर रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now