हल्द्वानी - बनभूलपुरा में अमन की हत्या से मचा हड़कंप, अवैध संबंधों का है शक, घर के अंदर से बरामद हुआ शव
हल्द्वानी - बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में बुधवार को एक युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ का रहने वाला बताया जा रहा है। अमन बनभूलपुरा क्षेत्र में परवीन नामक महिला के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह कमरे में युवक का शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक की मौत गला कटने से हुई है। घटना में तार के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। वहीं, घटना के पीछे अवैध संबंधों को लेकर विवाद की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारणों की पुष्टि नहीं की है। वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में एक महिला के दामाद से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि युवक जिस महिला के साथ रह रहा था, उसकी तलाश की जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला की तलाश जारी है।


