अल्मोड़ा - भाजपा ने एक और जीत की दर्ज, हेमा गैड़ा बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष, कांग्रेस की सुनीता कुंजवाल को इतने वोट से हराया
अल्मोड़ा - जिले की राजनीति में अहम मानी जा रही जिला पंचायत अध्यक्ष पद की जंग में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। निर्दलीय के रूप में चुनाव जीतकर भाजपा का समर्थन पाने वाली हेमा गैड़ा ने कांग्रेस उम्मीदवार सुनीता कुंजवाल को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है।
इस सीट पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी थीं, क्योंकि कांग्रेस की ओर से मैदान में थीं पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल की बहू सुनीता कुंजवाल। हालांकि, मुकाबले में हेमा गैड़ा ने 24 वोट हासिल कर 4 मतों से जीत दर्ज की, जबकि सुनीता कुंजवाल को 20 वोट मिले। वहीं उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की प्रत्याशी सरस्वती किरौला को मात्र 1 वोट से संतोष करना पड़ा।
भाजपा ने उपाध्यक्ष पद पर भी मारी बाजी -
अध्यक्ष के साथ-साथ उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा ने जीत दर्ज की। भाजपा के सुरेंद्र सिंह नेगी को कुल 26 वोट मिले। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शंभू सिंह रावत को 7 मतों के अंतर से हराया। शंभू सिंह को 19 वोट प्राप्त हुए।
कुल पड़े 45 वोट, भाजपा को स्पष्ट बढ़त -
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 45 सदस्य वोटिंग में शामिल हुए। परिणाम साफ दिखाते हैं कि भाजपा को जिला पंचायत में अब मजबूत स्थिति मिल गई है। अल्मोड़ा पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत पर कांग्रेस पार्टी ने कहा, जन बल की जगह धन बल से चुनाव जीता गया है।
