हल्द्वानी - मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने के बाद पांचवीं के छात्र ने छह साल की बच्ची से की छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट पर मामला दर्ज
हल्द्वानी - बच्चों के हाथों में मोबाइल फोन पहुंचने के साथ ही उनके ऑनलाइन व्यवहार पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। मुखानी कोतवाली क्षेत्र में सामने आए एक मामले ने बच्चों की मोबाइल तक पहुंच और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यहां पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय बालक पर छह साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बालक ने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने के बाद इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे पड़ोसी हैं। आरोप है कि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले बालक ने पहली कक्षा की छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया। इसी दौरान परिजनों ने दोनों को देख लिया। मामला सामने आने के बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुखानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि घटना करीब सात दिन पुरानी है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। मोबाइल पर अश्लील सामग्री देखने की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।





