नैनीताल - हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हरकत में पुलिस, BJP नेता समेत तीन पर कार्रवाई तेज, घरों में चस्पा किये नोटिस 

 | 
नैनीताल - हाईकोर्ट की सख्ती के बाद हरकत में पुलिस, BJP नेता समेत तीन पर कार्रवाई तेज, घरों में चस्पा किये नोटिस 

रामनगर - उत्तराखंड हाईकोर्ट की फटकार के बाद नैनीताल पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। रामनगर मांस विवाद मामले में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मदन जोशी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस ने मदन जोशी, राजू रावत और जतिन के घरों पर नोटिस चस्पा किए हैं। नोटिस में साफ कहा गया है कि तीनों आरोपी 10 दिसंबर को एसीजेएम (ACJM) कोर्ट, रामनगर में पेश होकर अपने खिलाफ लगे आरोपों का जवाब दें।

हाईकोर्ट की फटकार के बाद पुलिस की सख्ती - 
यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब हाल ही में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने SSP नैनीताल और रामनगर कोतवाल को अदालत में तलब किया था। अदालत ने पूछा था कि अब तक आरोपियों पर क्या कार्रवाई की गई है। कोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि यदि पुलिस ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो अदालत को कठोर रुख अपनाना पड़ेगा।

इलाके में मुनादी, आत्मसमर्पण की चेतावनी - 
हाईकोर्ट की इस सख्ती के बाद SSP नैनीताल ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने न केवल आरोपियों के घरों पर नोटिस लगाए, बल्कि इलाके में मुनादी (सार्वजनिक घोषणा) भी कराई, ताकि सभी आरोपियों को अदालत में पेश होने के लिए बाध्य किया जा सके। पुलिस का मानना है कि यह कदम आरोपियों पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है, जिससे वे जल्द आत्मसमर्पण करें।

क्या है पूरा मामला - 
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को छोई और बैलपड़ाव गांव में ग्रामीणों ने एक वाहन को गोमांस की तस्करी के शक में रोका था। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और हिंसा भड़क उठी, जिसमें वाहन चालक की पिटाई कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और राजनीतिक संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था।


17 नवंबर को कोर्ट में पेश होगी पुलिस रिपोर्ट - 
अब हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। 17 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई में SSP नैनीताल और रामनगर कोतवाल को अदालत में अपनी कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करनी है। माना जा रहा है कि अदालत के इस रुख के बाद पुलिस आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठा सकती है।

WhatsApp Group Join Now