उत्तराखंड - राजधानी में लूट के बाद पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, थाना प्रभारी हुए घायल, एक बदमाश की हुई मौत 

 | 
उत्तराखंड - राजधानी में लूट के बाद पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, थाना प्रभारी हुए घायल, एक बदमाश की हुई मौत 

देहरादून - प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी नरेश राठौर समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस को रात में कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूट के दौरान गोली मार दी है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया।

 

देवराज ने पुलिस को बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे करीब दो लाख रुपये, मोबाइल फोन, डायरी, आईडी और अन्य दस्तावेजों से भरा बैग लूट लिया और गोली मारकर फरार हो गए। घायल को अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस के करीब पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।

 

जवाबी कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी नरेश राठौर को गोली लग गई। पुलिस की फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल बदमाश, थाना प्रभारी और पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी कर सभी बॉर्डर और चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

WhatsApp Group Join Now