हल्द्वानी - दफ्तर से घर लौट रहे एई को घेरकर पीटा, सोने की चेन लूटने का आरोप, एक आरोपी हिरासत में
 

 | 
हल्द्वानी - दफ्तर से घर लौट रहे एई को घेरकर पीटा, सोने की चेन लूटने का आरोप, एक आरोपी हिरासत में

हल्द्वानी - शहर में बुधवार रात एक सहायक अभियंता के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। रुद्रपुर स्थित पेयजल निगम में तैनात सहायक अभियंता उमेश चंद्र जोशी को कुछ युवकों ने घेरकर पीट दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनकी सोने की चेन लूट ली और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

 

कोतवाली हल्द्वानी में दी गई तहरीर के अनुसार, वार्ड 56 निवासी लता जोशी ने बताया कि उनके पति उमेश चंद्र जोशी बुधवार रात ड्यूटी खत्म कर कार से रुद्रपुर से हल्द्वानी लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे टांडा जंगल क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इससे घबराकर उन्होंने वाहन तेज कर दिया और हल्द्वानी की ओर बढ़ गए।

 

आरोप है कि स्कॉर्पियो समेत दो वाहनों में सवार युवकों ने उनका पीछा किया और बेलबाबा के पास ओवरटेक कर जबरन गाड़ी रुकवा दी। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, हमलावर दो तोले की सोने की चेन लूटकर ले गए और उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले में पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now