Actor Piyush Khati : रानीखेत के पीयूष खाती ने अभिनय की दुनिया में बनाई खास पहचान, अब ‘डोंट बी शाइ’ में नजर आ रहे पीयूष
 

नेटफ्लिक्स की ‘क्लास’ से मिली पहचान, ‘क्रिमिनल जस्टिस’ और हॉलीवुड की ‘एक्सट्रैक्शन’ के बाद ‘डोंट बी शाइ’ में नजर आए
 
 | 
Actor Piyush Khati : रानीखेत के पीयूष खाती ने अभिनय की दुनिया में बनाई खास पहचान, अब ‘डोंट बी शाइ’ में नजर आ रहे पीयूष

रानीखेत - उत्तराखंड के रानीखेत में पले-बढ़े और आर्मी पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र अभिनेता पीयूष खाती ने अपनी मेहनत और अभिनय प्रतिभा के दम पर मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। नेटफ्लिक्स की चर्चित युवा-केंद्रित सीरीज ‘क्लास’ में धीरज कुमार की भूमिका से उन्हें खास पहचान मिली। इसके बाद वह ‘क्रिमिनल जस्टिस’ और हॉलीवुड फिल्म ‘एक्सट्रैक्शन’ में भी नजर आए। अब पीयूष अपनी नई फिल्म ‘डोंट बी शाइ’ में भी अभिनय करते दिखाई दे रहे हैं।

बचपन से ही अभिनय के प्रति रुचि रखने वाले पीयूष ने थिएटर के साथ संगीत, नृत्य, चित्रकला और खेल जैसी गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी की। अलग-अलग किरदारों और कहानियों को करीब से समझने की उनकी रुचि उन्हें मुंबई ले गई, जहां उन्होंने अभिनय के सफर की शुरुआत की और विज्ञापनों सहित विभिन्न प्रोजेक्ट्स में काम किया।

‘क्लास’ से मिली खास पहचान - 
नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘क्लास’ में पीयूष ने धीरज कुमार का किरदार निभाया। इस भूमिका के जरिए वह युवा दर्शकों के बीच तेजी से पहचाने गए और उनके अभिनय को सराहना मिली। इसके बाद उन्हें ओटीटी के साथ-साथ बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स में भी काम करने के अवसर मिले। पीयूष के अभिनय सफर में ‘क्रिमिनल जस्टिस’ और हॉलीवुड फिल्म ‘एक्सट्रैक्शन’ भी महत्वपूर्ण पड़ाव रहे हैं। अलग-अलग तरह के किरदारों में नजर आकर उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया। अब ‘डोंट बी शाइ’ के जरिए वह एक बार फिर दर्शकों के सामने हैं।

अब ‘डोंट बी शाइ’ में नजर आ रहे पीयूष - 
पीयूष खाती के अभिनय सफर में नई कड़ी के रूप में ‘डॉट बी शाइ’ शामिल है। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध हैं। इस फिल्म का निर्माण अभिनेत्री आलिया भट्ट और शाहीन भटूर ने किया है। यह एक युवा रिश्तों, भावनाओं और बदलते संबंधों की कहानी है, जिसमें पीयूष एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आते हैं। फिल्म के जरिए उन्हें एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने का अवसर मिला है।

संगीत, नृत्य में भी गहरी रुचि पीयूष अभिनय के अलावा संगीत और नृत्य में भी गहरी रूचि रखते हैं। वह नए संगीत और विभिन्न विधाओं को जानने में दिलचस्पी रखते हैं। उनका मानना है कि एक कलाकार के लिए सीखने और खुद को बेहतर बनाने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। पीयूष खाती का मानना है कि धैर्य, मेहनत और निरंतरता सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी हैं। 


आर्मी पब्लिक स्कूल ने दी शुभकामनाएं - 
पीयूष की उपलब्धि पर आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी, शिक्षक ब्रिजेश जोशी, हेम पंत सहित समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। स्कूल परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पीयूष ने अपने अभिनय सफर से रानीखेत और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है।

 

 


 

WhatsApp Group Join Now