हल्द्वानी - आपातकालीन डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देना युवक को पड़ा भारी, पांच हजार का कटा चालान
हल्द्वानी - डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना देना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना मुखानी पुलिस ने आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग करने पर कॉलर के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत पांच हजार रुपये का चालान किया है। पुलिस के अनुसार 10 फरवरी की रात करीब साढ़े 10 बजे तुषार कबड़वाल निवासी मल्ला फतेहपुर, ऊंचापुल (थाना मुखानी) ने डायल 112 पर सूचना दी कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट करने की कोशिश कर रहे हैं और फायरिंग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के निर्देश पर रात्रि अधिकारी उप निरीक्षक सूरज सिंह और पीसीआर टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की, लेकिन वहां फायरिंग जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। पूछताछ और जांच में मामला केवल आपसी कहासुनी और मामूली झगड़े तक सीमित पाया गया। झूठी सूचना देकर पुलिस संसाधनों को व्यर्थ लगाने पर पुलिस ने संबंधित युवक को थाने लाकर पुलिस एक्ट के तहत 5000 रुपये का जुर्माना वसूला।
पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि डायल 112 एक आपातकालीन सेवा है और इसका दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। झूठी सूचना देने से पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग होता है और वास्तविक जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने में बाधा आती है।
