हल्द्वानी - यू-ट्यूबर सौरभ जोशी के परिवार से सरेराह बदतमीजी का वीडियो वायरल, क्या उस ब्लैक कार को पकड़ पायेगी पुलिस
हल्द्वानी - शहर के चर्चित यू-ट्यूबर और ब्लॉगर सौरव जोशी से कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना बुधवार रात तिकोनिया चौराहे के आसपास की बताई जा रही है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी जमकर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सौरव जोशी अपनी पत्नी अवंतिका और भाई के साथ डिनर के बाद कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि तिकोनिया चौराहे के पास उनके आगे चल रही ब्लैक रंग की मैग्नेट कार में सवार युवक ने सौरव और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि युवक दो से तीन बार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर कार लेकर वहां से निकल गया।
इसके बाद सौरव जोशी ने कार का पीछा किया। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक नैनीताल रोड की ओर तेज गति से गया और बाद में ठंडी सड़क की तरफ निकल गया। इसी दौरान तिकोनिया चौराहे के पास गश्त कर रहे पुलिसकर्मी को सौरव की पत्नी अवंतिका ने घटना की जानकारी दी और कार के बारे में बताया।
सौरव जोशी के अनुसार, बाद में संबंधित कार उन्हें मिल गई। उनका दावा है कि कार सवार युवक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया और उसका मोबाइल फोन भी कार में रह गया। सामने आई जानकारी के अनुसार कार का नंबर UK 04 AJ 5953 बताया जा रहा है। अब बड़ा सवाल है कि क्या इस ब्लैक कार तक पुलिस पहुंच पाएगी या नहीं?
मामले को लेकर कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सौरव जोशी की ओर से अभी लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।


