हल्द्वानी - कार्यालय का शटर तोड़कर लाखों रूपये और दस्तावेज उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ऐसे आया पुलिस की पकड़ में 
 

 | 
हल्द्वानी - कार्यालय का शटर तोड़कर लाखों रूपये और दस्तावेज उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, ऐसे आया पुलिस की पकड़ में 

हल्द्वानी - एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर मुखानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्यालय का ताला तोड़कर लाखों रुपये चोरी करने वाले शातिर चोर को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ₹3,17,500 नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को हिम्मतपुर तल्ला निवासी विक्रम सिंह कनवाल ने थाना मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि बच्ची नगर नंबर-01 स्थित उनके कार्यालय का शटर तोड़कर अज्ञात चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गया। मामले में थाना मुखानी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तलाश शुरू की। 28 मई को मुखानी क्षेत्र के लामाचौड़ खास के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी बबलू (31 वर्ष) पुत्र डोरी लाल निवासी कालिका कॉलोनी, लोहारियासाल तल्ला, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से पीलीभीत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से चोरी की रकम में से ₹3,17,500 नकद तथा वादी का आधार कार्ड बरामद किया गया। मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

WhatsApp Group Join Now