हल्द्वानी - ग्राम प्रधान मारपीट मामले में आया नया मोड़, दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर, प्रधान पर लगे यह गंभीर आरोप 

 | 
हल्द्वानी - ग्राम प्रधान मारपीट मामले में आया नया मोड़, दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर, प्रधान पर लगे यह गंभीर आरोप  Crime news

हल्द्वानी - पदमपुर देवलिया क्षेत्र में ग्राम प्रधान से जुड़े मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद जहां मामला पहले ही सुर्खियों में था, वहीं अब दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में तहरीर देकर ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को पदमपुर देवलिया निवासी लक्ष्मी मेहता ने पुलिस को दी शिकायत में ग्राम प्रधान रमेश चंद्र जोशी और उनके साथियों पर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पीड़िता के अनुसार 28 अप्रैल को उनकी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी, इसी दौरान ग्राम प्रधान अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया।

 

तहरीर में कहा गया है कि आरोपितों ने न केवल मारपीट की, बल्कि उनकी कार का शीशा भी तोड़ दिया। परिवार की महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। बीच-बचाव करने पर कपड़े फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। पीड़िता के अनुसार शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए। घटना में चोटिल होने पर उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। उन्होंने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधान पक्ष के लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

 

वहीं दूसरी ओर, ग्राम प्रधान संगठन भी इस मामले में सक्रिय हो गया है। बुधवार को संगठन के समर्थकों ने हल्द्वानी पहुंचकर एसएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। बताया जा रहा है कि इस झड़प में ग्राम प्रधान रमेश जोशी के हाथ में भी चोट आई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

WhatsApp Group Join Now