उत्तराखंड - यहां लकड़ी के मकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर हुआ राख, टल गया हादसा 

 | 
उत्तराखंड - यहां लकड़ी के मकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर हुआ राख, टल गया हादसा 

उत्तराखंड - जौनसार-बावर क्षेत्र के त्यूणी स्थित वन विभाग की कॉलोनी में रविवार को एक पुराने लकड़ी के मकान में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, त्यूणी थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान के साथ उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब पौने 12 बजे वन विभाग कॉलोनी में स्थित एक पुराने लकड़ी के मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। आग लगते ही मकान में रह रहे लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, त्यूणी थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम ने आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किया, ताकि आसपास के अन्य मकानों को बचाया जा सके। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

त्यूणी थानाध्यक्ष अश्वनी बलूनी ने बताया कि रविवार दिन में करीब पौने 12 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और तहसील कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में अन्य मकान भी हैं, जिन्हें आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

उन्होंने बताया कि घटना के समय मकान में रहने वाले सभी लोग बाहर थे। आग से घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now