हल्द्वानी - तिकोनिया स्थित देशी-अंग्रेजी शराब की दुकान में लगी भीषण आग, इतने करोड़ का स्टॉक जलकर हुआ राख

 | 
हल्द्वानी - तिकोनिया स्थित देशी-अंग्रेजी शराब की दुकान में लगी भीषण आग, इतने करोड़ का स्टॉक जलकर हुआ राख

हल्द्वानी - नैनीताल रोड स्थित तिकोनिया चौराहे पर सोमवार देर रात अंग्रेजी एवं देशी शराब की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान और उसके ऊपर बने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य के शराब का स्टॉक जलकर राख हो गया। 

 

पुलिस के अनुसार मल्ला गोरखपुर निवासी राजेंद्र पाल की तिकोनिया में वाइन शॉप है । शार्ट सर्किट के चलते देर रात करीब दो बजे अचानक दुकान में आग लग गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे एक राहगीर ने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं और तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एफएसओ मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की तीन गाड़ियां और एक दर्जन से अधिक अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह पांच बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

दमकल विभाग के अनुसार, आग बुझाने के दौरान सबसे बड़ी चुनौती दुकान के अंदर रखा एक कमर्शियल गैस सिलेंडर था। सिलेंडर में भी आग लग चुकी थी और उसके फटने की आशंका बनी हुई थी। अग्निशमन कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि सिलेंडर फट जाता तो आसपास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

 

बाल-बाल बची आसपास की दुकानें - 
आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास स्थित कई दुकानें भी इसकी जद में आने वाली थीं, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की दुकानें जलने से बाल-बाल बच गईं।

 

प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दुकान के अनुज्ञापी ने भी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई है। घटना के बाद देर रात से सुबह तक क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

WhatsApp Group Join Now