हल्द्वानी - सिलाई सीखने गई 19 वर्षीय युवती टेलर रहमत के साथ लापता, परिजनों ने दर्ज कराया अपहरण का केस
हल्द्वानी - मुखानी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती सिलाई सीखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने एक टेलर के खिलाफ अपहरण की तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है। अमरावती कॉलोनी निवासी परिजनों के अनुसार, उनकी बेटी 26 फरवरी को स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सुमन स्कूल के बाद पास में ही एक टेलर रहमत से सिलाई सीखने जाती थी। उन्हें उसी टेलर पर शक हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती संदिग्ध टेलर के साथ कहीं चली गई है। पुलिस के अनुसार, युवती के दस्तावेजों के आधार पर उसकी उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, उसकी सही आयु की पुष्टि के लिए स्कूल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि युवती बालिग है, इसलिए उसे बरामद करने के बाद उसके बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि युवती अपनी मर्जी से जाने की बात कहती है, तो उसी अनुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पुलिस टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।
