हल्द्वानी - बनभूलपुरा में 6900 परिवारों ने भरे पीएम आवास योजना के फॉर्म, छूटे लोगों को इस दिन तक मिलेगा मौका
हल्द्वानी - बनभूलपुरा में रेलवे अतिक्रमण मामले के बाद लगाए गए विशेष कैंप भले ही अब समाप्त हो गए हों, लेकिन प्रभावित हजारों परिवारों के लिए राहत की उम्मीद अभी भी कायम है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद शुरू हुए इस अभियान के तहत लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने का प्रयास किया गया।
20 मार्च से 1 अप्रैल तक चले इस अभियान में प्रशासन ने बनभूलपुरा के 6 अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए। इन कैंपों में नगर निगम, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें लगातार मौजूद रहीं। उन्होंने लोगों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ फॉर्म भरने में भी सहायता की। अभियान के दौरान करीब 8000 आवेदन फॉर्म वितरित किए गए, जिनमें से लगभग 6900 लोगों ने योजना के तहत आवेदन जमा कर दिए। यह संख्या इस बात का संकेत है कि प्रभावित परिवारों ने इस पहल पर भरोसा जताया और अपने भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कदम बढ़ाया।
हालांकि विशेष कैंप अब खत्म हो चुके हैं, लेकिन जिन लोग किसी कारणवश आवेदन नहीं कर पाए, उनके लिए प्रशासन ने 2 और 4 अप्रैल को नगर निगम कार्यालय में विशेष व्यवस्था की है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि इन आवेदनों पर कितनी जल्दी कार्रवाई होती है और जरूरतमंद परिवारों को कब तक पक्का आवास मिल पाता है।
