रामनगर - यहां सुबह से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी, 51 अवैध मकान ध्वस्त, मीडिया कवरेज पर भी रोक
रामनगर - नैनीताल जिले के रामनगर में पुछड़ी गांव स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में रविवार तड़के प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू की। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के रामनगर रेंज में बने 51 कच्चे–पक्के अवैध मकानों को हटाने का अभियान सुबह 5 बजे शुरू हुआ।
अभियान से पूर्व पूरे क्षेत्र को पांच जोन और नौ सेक्टर में बांटा गया था। सभी अतिक्रमणकारियों को पहले ही बेदखली आदेश जारी कर दिए गए थे। कार्रवाई की शुरुआत बिहारी टप्पर क्षेत्र में बने एक पक्के मकान को ध्वस्त करने से की गई।
शुक्रवार रात से ही पुलिस बल ने गांव के प्रवेश मार्ग पर बैरिकेडिंग लगा दी थी और लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी। मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर भी तीन किलोमीटर पहले ही रोक लगा दी गई।
सुबह प्रशासन, पुलिस, वन विभाग और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के ग्रामीणों को भी अतिक्रमण क्षेत्र से दूर रखा गया है। कार्रवाई एसपी सिटी जगदीश चंद्र, एसडीएम प्रमोद कुमार और डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्या की निगरानी में जारी है।
