हल्द्वानी - डिलीवरी के बाद 22 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत, PSP अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, परिजनों का धरना

 | 
हल्द्वानी - डिलीवरी के बाद 22 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत, PSP अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, परिजनों का धरना

हल्द्वानी - रामपुर रोड स्थित PSP अस्पताल में डिलीवरी के बाद 22 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत के मामले में शनिवार को परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सीतापुर, गौलापार दानीबंगर निवासी अर्शदीप कौर पत्नी तलविंदर सिंह को 11 नवंबर को प्रसव पीड़ा होने पर PSP अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, उपचार के दौरान ऑपरेशन से उनकी डिलीवरी कराई गई, जिसमें उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। हालांकि, डिलीवरी के करीब 24 घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू और बाद में वेंटिलेटर पर रखा गया। परिजनों के मुताबिक, महिला का डायलिसिस भी कराया गया, लेकिन 13 नवंबर की रात उनकी मौत हो गई। अर्शदीप की शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।

मृतका के भाई आकाशदीप ने आरोप लगाया कि अस्पताल में ऑपरेशन से पहले अल्ट्रासाउंड और ईसीजी जैसी जरूरी जांच नहीं कराई गईं। उनका कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला को सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जहां कुछ समय बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने उपचार के दौरान बरती गई कथित लापरवाही को अर्शदीप की मौत की वजह बताते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला की हालत बिगड़ने की वजह हार्ट अटैक बताई गई है। ऐसे में महिला की मौत के वास्तविक कारण और उपचार के दौरान किसी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

शनिवार सुबह से ही परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप भुल्लर और प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने भी समर्थन दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उनकी शिकायत सुनी। एहतियातन अस्पताल परिसर के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, उपचार से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। खबर लिखे जाने तक परिजन अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे थे।

WhatsApp Group Join Now