Uttarakhand Silver Jubilee - उत्तराखंड के विधायकों मंत्रियों को राष्ट्रपति ने विधानसभा से दी नसीहत, जनता के प्रति बताया यह कर्तव्य 
 

 | 
Uttarakhand Silver Jubilee - उत्तराखंड के विधायकों मंत्रियों को राष्ट्रपति ने विधानसभा से दी नसीहत, जनता के प्रति बताया यह कर्तव्य 

Uttarakhand Silver Jubilee President’s Droupadi Murmu Address Live - उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र सोमवार को शुरू हुआ। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए उन्हें रम्माण कला पर आधारित स्मृति चिह्न भेंट किया। राष्ट्रपति ने इस अवसर पर रम्माण कला पर आधारित एक पुस्तक का भी विमोचन किया।

उन्होंने विधानसभा के पूर्व व वर्तमान सदस्यों और राज्य के निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल के दौरान यहां के जनमानस की आकांक्षा और बेहतर विकास की दृष्टि से वर्ष 2000 के नवंबर माह में इस राज्य की स्थापना की गई थी। 25 वर्षों में उत्तराखंड के लोगों ने विकास के लक्ष्य हासिल किए। पर्यावरण, ऊर्जा, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति की। विकास के प्रयास के बल पर राज्य ने ह्यूमैन डेवलपमेंट के कई मानकों में सुधार किया। खुशाी है कि राज्य में साक्षरता बढ़ी। महिलाओं की शिक्षा में विस्तार हुआ। स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने में प्रयास किया जा रहा है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की मैं विशेष सराहना करती हूं।

महिलाओं की गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ेगी - राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सुशीला बलूनी, बछेंद्री पाल, वंदना कटारिया जैसी असाधारण महिलाओं की गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ेगी। ऋतु खंडूड़ी भूषण की बतौर पहली महिला विस अध्यक्ष नियुक्ति करके उत्तराखंड विधानसभा ने अपना गौरव बढ़ाया। मैं चाहूंगी कि उत्तराखंड विस में महिलाओं की संख्या में बढ़ोतरी होगी। भारत का यह पवित्र भूखंड अनेक ऋषि मुनियों की तपस्या स्थली रही है। गढ़वाल रेजीमेंट के नाम से यहां की शौर्य परंपरा का परिचय मिलता है। यहां के युवाओं में मातृभूमि की रक्षा करने के प्रति उत्साह दिखाई देता है।

सुबह विधानसभा सचिवालय में विशेष सत्र का शुभारंभ हुआ। देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश के नेताओं को भी नसीहत दी, उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की आबादी तकरीबन डेढ़ करोड़ है, और इतनी बड़ी आबादी ने कुछ चुनिंदा लोगों को ही इस सदन में भेजा है। विधायक, जनता और शासन के बीच की सबसे अहम कड़ी होते हैं। जमीनी स्तर पर क्षेत्र की जनता से जुड़कर उनकी सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात होती है। जनता की आशाओं पर खरा उतरना ही आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। 

WhatsApp Group Join Now