बरेली में हुक्काबार में बवाल, गर्लफ्रेंड के चक्कर में युवक को गोली मारी

लड़के-लड़कियों में चले थे पीने-पिलाने के दौरान हुआ झगड़ा
गौतम यादव नामक युवक को लगी गोली, हालत गंभीर
रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध हुक्काबार का खेल का फिर खुलासा
न्यूज़ टुडे नेटवर्क। अवैध हुक्काबारों की वजह से नशेबाजों की पसंद बरेली के डीडीपुरम इलाके में फिर बखेड़ा हुआ है। हुक्काबार में गोली चली है और किसी को लगी है। ब्रूवेरीज रेस्टोरेंट की आड़ में न जाने कब से यह सब गैरकानूनी गोरखधंधा चल रहा था और चार कदम दूर हर वक्त बावर्दी दुरुस्त नजर आने वाली पुलिस मौन बैठी थी। गोलीकांड के बाद थानेदार-चौकी इंचार्ज दौड़ लगा रहे हैं और अपने साथ पूरे महकमे की किरकिरी करा रहे हैं।

हुक्काबार में हुई फायरिंग में गोली लगने के बाद गौतम यादव नाम का युवक अस्पताल में मौत से जूझ रहा है। पुलिस ने घटना के सिलसिले में कई युवकों को हिरासत में जरूर ले लिया है मगर रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध हुक्कार बार चलवाने वाले ब्रूवेरीज रेस्टोरेंट के संचालकों पर पुलिस कृपा अब भी बरस रही है। रात के वक्त हुक्का बार में गोली चलने और युवक के घायल होने के पीछे चौंका देने वाली कहानी सामने आ रही है। फायरिंग के बाद पकड़े गए युवकों ने बताया कि लड़के-लड़कियों में पहले कार में पीने-पिलाने के दौर चले थे, फिर हुक्का बार के अंदर जाम छलकाए गए। कभी हुक्का बार के अंदर तो कभी बाहर पीने-पीने पिलाने का लंबा सिलसिला चलता रहा।

हमले का आरोपी रितिक बाल्मीकि का हुक्कार बार आते वक्त गर्लफ्रेंड से विवाद हुआ था। कहासुनी में प्रेमिका ने गले में पड़ी उसकी सोने की चेन तोड़ ली थी। रितिक इसके बाद ब्रूवेरीज रेस्टोरेंट में आया तो वहां उसने हुक्काबार में अपनी प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ बैठा पाया। रितिक आप खो बैठा और तमंचे से फायरिंग कर द। इसमें गौतम यादव को गोली लग गई। घटना होते ही बाउंसर की भूमिका निभाने वाले कर्मचारी मैदान में उतर आए और रेस्टोरेंट के अदंर से गेट बंद कर अपने हाथ दिखाना शुरू कर दिए। अफरा-तफरी और भगदड़ के बीच थाना प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भर्ती कराया। मौके से ऋतिक वाल्मीकि सहित कई युवकों को हिरासत में भी ले लिया गया। हालांकि, पुलिस ने हुक्का बार में हुए टकराव मामले में एक रितिक को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है। ये भी बताया गया है कि घटना के बाद भी देर रात तक नशे में धुत युवती रेस्टोरेंट के बाहर पड़ी रही।
रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्काबार चलाए जाने को लेकर लोकल पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। डीडीपुरम में पहला भी कई जगह अवैध हुक्काबार चलाने के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीना पहले पूर्व एसपी सिटी ने सादा कपड़ो में छापेमारी की थी, तो हुक्का बार संचालक ने चौकी इंचार्ज से सेटिंग बताकर उनसे बात करानी चाही थी। इससे पुलिस संरक्षण में हुक्का बार चलने की सच्चाई सामने आई थी। हालांकि, कुछ कर्मचारियों पर तो कार्रवाई होती दिखी मगर पावरफुल हुक्का बार संचालक फिर भी बच गए। उसी का नतीजा है कि डीडीपुरम में रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार चलाए जाने का खेल लगातार जारी है। सूत्र बताते हैं कि हुक्काबारों में शराब से लेकर ड्रग्स तक सब हाजिर रहता है। इस वजह से नशे के आदी युवा दूर-दूर से डीडीपुरम पहुंचते हैं ओर बेहिसाब पैसा खर्च हुक्का बार संचालकों की जेबें गरम करते हैं। पुलिस सब कुछ जानते हुए भी आंखों पर परदा डाले रहती है, इस बारे में सभी जानते हैं।