UP : लॉकडाउन में 14.73 लाख श्रमिकों को मनरेगा के तहत मिला रोजगार
लखनऊ। लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में 14.73 लाख श्रमिकों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री (Chief Minister) योगी आदित्यनाथ का कहना है कि तेजी से मनरेगा श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है तकि इस विपत्ति के समय रोजगार (Employment) मुहैया हो सके और साथ ही प्रदेश के गांवों के विकास को बल मिले।
ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अगले एक सप्ताह में मनरेगा के तहत बड़ी तादाद में श्रमिकों को काम से जोड़ दिया जाएगा। सरकार ने लॉकडाउन (Lockdown) दो के तहत 20 अप्रैल से काम कराने के निर्देश दे दिए थे। 27 अप्रैल तक राज्य में 670787 श्रमिकों को काम पर लगा दिया गया था। इसके बाद के चार मई को और आठ लाख से अधिक श्रमिकों को काम दिया गया। इस समय मनरेगा योजनाओं में 14,73,595 श्रमिक काम पर लगे हैं। राज्य के 64 फीसदी ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत व्यक्तिगत और सामुदायिक कार्य (Community work) इस समय चल रहे हैं।