यूपी: सुबह घर से निकली किशोरी सड़क किनारे लहूलुहान पड़ी मिली, रेप की आशंका, बस्ती जिले की घटना
न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बस्ती जिले में सड़क किनारे एक किशोरी खून से लथपथ हाल में मिली है। किशोरी को कप्तानगंज थाना से मात्र आधा किलोमीटर की दूरी पर बरामद किया गया है। किशोरी के शरीर पर ब्लेड से वार किए गए हैं। आशंका जतायी जा रही है कि किशोरी के साथ रेप करके उसे घायलावस्था में सड़क किनारे फेंका गया है। किशोरी सुबह 5 बजे किसी काम से घर से बाहर गयी थी लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी।
कुछ देर बाद ग्रामीणों ने किशोरी को घर के पास ही लहूलुहान हालत में पड़े देखा तो परिजनों को खबर दी। पुलिस घायल किशोरी को सीएचसी कप्तानगंज ले गई। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
आशंका जताई जा रही है कि किशोरी से रेप किया गया है। रेप में विरोध पर उस पर आरोपी ने हमला किया है। किशोरी की हालत गंभीर है और वह बेहोश है। पुलिस का कहना है कि किशोरी के होश में आने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। इलाज चल रहा है। मामले में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।