मिशन 2024 को धार देने के लिए भाजपा का महासंपर्क अभियान शुरू, बरेली में सांसद, मंत्री विधायक संभाल रहे कमान

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में महाजनसंपर्क अभियान चला  रही है। मिशन 2024 की तैयारियों में जुटी भाजपा महासंपर्क अभियान के जरिए एक एक वोटर तक पहुंचना चाहती है। एक जून से उत्तर प्रदेश समेत देश भर के विभिन्न राज्यों में महासंपर्क अभियान का आगाज हो गया। अभियान के तहत जून माह में कई बड़े कार्यक्रम संगठन स्तर पर प्रस्तावित हैँ। महाजनसंपर्क अभियान में पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपब्धियों और जनसरोकार के कार्योँ को जनता तक पहुंचाएंगे।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने जून महीने में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक लोकसभा, विधानसभा क्षेत्रों में जाकर सांसद, मंत्री विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सरकार के नौ सालों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी के सात मोर्चों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर आमजनों को सरकार की उपलब्धियों को बताएंगे। उन्होंने कहा कि लाभार्थी सम्मलेन में उन लोगों को शामिल किया जाएगा जिनको केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से चलाई गईं योजनाओं से लाभ मिला है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 21 जून को योग दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी 27600 शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जहाँ पार्टी के पदाधिकारी और बूथ लेवल के कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। भूपेंद्र चौधरी ने बताया 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिसमें पार्टी से जुड़े नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के घर-घर जनसम्पर्क अभियान में सांसद, मंत्री , विधायक और कार्यकर्ता आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। ,इस दौरान जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को बताया जाएगा। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से टोल फ्री नंबर - 9090902024 पर मिस कॉल भी करने को कहा जायेगा।

बरेली में मंत्री सांसद विधायक संभालेंगे कमान

बरेली जिले में मंत्री, सांसद विधायक मिलकर महासंपर्क अभियान की कमान संभालेंगे। बरेली में महानगर समेत विधानसभा वार नेताओं को महासंपर्क अभियान की जिम्मेदारी दे दी गयी है। सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार, आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप समेत प्रदेश सरकार के वन मंत्री डा अरूण कुमार और पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह समेत जिले भर के विधायक अपने अपने क्षेत्रों में महासंपर्क अभियान की अगुवाई करेंगे। महानगर और विधानसभाओं में महासंपर्क अभियान के लिए संगठन की ओर से संयोजक नियुक्त किए गए हैं।

WhatsApp Group Join Now