बरेली की शान बनी भारत माता की सबसे ऊंची प्रतिमा
जगतगुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम ने किया प्रतिमा अनावरण
संघ कार्यालय केशव कृपा पर स्थापित हुई विशालकाय प्रतिमा
भव्य समारोह में शंकराचार्य ने कहा- हमारा भारत मांओं का देश
गीता, गंगा, गोदावरी, यमुना, गाय सब हमारी मांः शंकराचार्य
न्यूज टुडे नेटवर्क/ उत्तर भारत में भारत माता की सबसे ऊंची प्रतिमा यूपी के बरेली में स्थापित की गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बरेली स्थित कार्यालय केशवकृपा पर सोमवार को जगतगुरू शंकराचार्य शारदा पीठाधीश्वर राजराजेश्वराश्रम महाराज ने भारत माता की विशालकाय प्रतिमा का अनावरण किया।
जगतगुरू शंकराचार्य ने समारोह में कहा कि भारत मांओं का देश है। गीता, गंगा, यमुना, गोदावरी, गौ सब हमारी मां है। मां के चरणों में स्वर्ग होता है। संतान गलत हो सकती है मगर मां पर कभी सवाल नहीं उठ सकते। ममत्व ही ऐसा होता है कि मां के पास पहुंचते ही संतान के भाव बदल जाते हैं। जगतगुरु शंकराचार्य ने कार्यक्रम में मौजूद राजनेताओं को धर्म, संस्कार, मर्यादा का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि राजनीति में शुद्धिकरण भी जरूरी होता है। आरएसएस के संस्थापक डॉ हैडगेवार ने सेवा धर्म को आगे बढ़ाने के लिए संघ की स्थापना की। सतत सेवा, संस्कार, सरोकार की पुनीत परंपरा ने संघ को दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बनाया है।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में आरएसएस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रांत के क्षेत्र संघचालक सूर्यप्रकाश टोंक ने कि पूरे दुनिया में सिर्फ भारत की संस्कृति ऐसी है, जहां देश को मां माना जाता है। जन्म देने वाली मां के बाद सबका पालन-पोषण धरती मां ही करती है। बरेली में स्थापित हुई भारत माता की प्रतिमा सबके लिए गर्व की बात है। इससे पहले बड़ी संख्या में जन उपस्थिति के बीच जगतगुरू शंकराचार्य शारदा पीठाधीश्वर राजराजेश्वराश्रम जी महाराज और पश्चिमी यूपी के क्षेत्र संघचालक सूर्यप्रकाश टोंक ने मंत्रोच्चार के बीच भारत माता की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद सभी ने भारत माता का आरती गान किया। बरेली में रामपुर गार्डन स्थित आरएसएस कार्यालय केशव कृपा पर प्रतिमा की स्थापना में विशेष सहयोग देने वाले बरेली के मेयर डॉ.उमेश गौतम ने सभी के साथ भारत माता की आरती की। इस मौके पर वनमंत्री डा. अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, आरएसएस के विभाग प्रचारक ओमवीर, संपर्क प्रमुख डा. विवेक मिश्रा, प्रचार प्रमुख आलोक प्रकाश, विधायक संजीव अग्रवाल, डा. राघवेन्द्र शर्मा, डा. डीसी वर्मा, भारतीय शिक्षण मंडल युवा आयाम ब्रज प्रांत के पूर्व प्रमुख डॉ. स्वतंत्र कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, महामंत्री अधीर सक्सेना, लोकतंत्र सेनानी वीरेन्द्र अटल, भाजपा नेता प्रशांत पटेल, भाजपा नेता संजू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संघ एवं भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता-स्वयंसेवक मौजूद रहे।



