संघ प्रमुख मोहन भागवत कल से बरेली प्रवास पर, नेताओं की मुलाकात मुश्किल

 | 
बरेली प्रवास से रुहेलखंड को खास संदेश देंगे आरएसएस प्रमुख

कल मध्य रात्रि में बरेली पहुंचे सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत

16 से 20 फरवरी तक बरेली में संघ प्रमुख का प्रवास कार्यक्रम

न्यूज टुडे नेटवर्क। रुहेलखंड के सांस्कृति एवं सामाजिक धुरी बरेली में आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का पांच दिवसीय प्रवास कायर्क्रम कल 16 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंवेक संघ के सर संघचालक के प्रवास कार्यक्रम में राष्ट्र एवं सामजिक चिंतन होगा। कार्यक्रम को देखते हुए बरेली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रवास के दौरान रुहेलखंड के प्रमुख भाजपा नेताओं से संघ प्रमुख की मुलाकात होगी, इसे लेकर संघ के स्तर से फिलहाल कोई कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।

संघ और भाजपा की कैमिस्ट्री के बारे में सभी जानते हैं। संघ हो या भाजपा, 2024 से पहले देश में सबसे ज्यादा लोकसभा 80 सीटें रखने वाले उत्तर प्रदेश पर अपनी-अपनी तरह से लगातार फोकस रहे हैं। लोकसभा में यूपी से भाजपा सांसदों का गणित देखें तो बरेली मंडल में भाजपा का मौजूदा समय में शानदार ट्रैक रिकार्ड है। रुहेलखंड में बरेली और मुरादाबाद दो मंडल आते हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में बरेली मंडल की पांच सीटें बरेली, आंवला, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। हालांकि, मुरादाबाद मंडल में भाजपा सपा और बसपा  के आगे कमजोर साबित होकर जीरो पर आउट हो गई थी। रामपुर, संभल और मुरादाबाद में सपा ने जीत दर्ज की थी जबकि अमरोहा और बिजनौर में बाजी बसपा के हाथ रही थी।

अब एक साल बाद 2024 में फिर लोकसभा चुनाव होना है तो एक ओर जहां भाजपा रुहेलखंड में अपनी ताकत बढ़ाने की दिशा में तेजी से कदम आगे बढ़ा रही है। वहीं, संघ भी रुहेलखंड में जमीनी मजबूत करने की दिशा में जुट गया है। वैसे तो संघ सीधे तौर पर राजनीति से दूर रहता है मगर सामाजिक कार्यों के जरिए संघ जो माहौल बनाता है, उसका सीधा लाभ भाजपा उठाती है। सियासी हलकों में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के पांच दिनी बरेली प्रवास को को भी दूसरी तरह से 2024 के लिए जमीनी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

आरएसएस प्रमुख के प्रवास कार्यक्रमों में सामाजिक समरसता व देश के मौजूदा हालात पर चर्चा होती सुनी जाती है। इस समय संघ के 2025 में होने वाले शताब्दी वर्ष को लेकर भी मैराथन मंथन करने में लगा है। पूर्व में आरएसएस प्रमुख का कानपुर प्रवास रहा हो या प्रयागराज, एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचारों के साथ हिंदुत्व एकजुटता पर जोर दिया गया। अब संघ प्रमुख मोहन भागवत बरेली प्रवास पर रहेंगे, तो यहां भी राष्ट्रचिंतन एवं सामाजिक मनन के अलावा संघ के स्वयंसेवकों की घर-घर पहुंचा बनाने की दिशा में विचार मंथन होगा, ऐसी जानकारी संघ सूत्रों के जरिए मिल रही है।  संघ प्रमुख के बरेली प्रवास के दौरान घर-घर स्वयंसेवकों की पहुंच बनाने और प्रत्येक परिवार में स्वयंसेवक तैयार करने के अलावा दस फीसदी शाखाओं को ग्राम्य स्तर पर पहुंचाने को लेकर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है। डॉ मोहन भागवत के बरेली आने से पहले ही आरएसएस के क्षेत्र, प्रांत संगठन के प्रमुख चेहरे बरेली पहुंच गए हैं और सभी व्यवस्थाएं संभालने में जुट गए हैं।

खास बात ये है कि संघ प्रमुख के बरेली प्रवास कार्यक्रम में राजनीति का कोई रंग नजर नहीं आने वाला है। क्षेत्र के प्रमुख भाजपा नेता सरसंघचालक से मुलाकात करना चाह रहे हैं मगर संघ के स्तर से अभी तक ऐसा कोर्ई कार्यक्रम तय होने की जानकारी नही है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सर संघचालक डॉ मोहन भागवत कल 16 फरवरी की मध्य रात्रि बरेली पहुंचेंगे। इसके बाद 17, 18, 19 एवं 20 फरवरी को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 20 फरवरी को वह सीतापुर रवाना हो जाएंगे, जहां से लखनऊ पहुंचकर नागपुर रवाना होंगे।

WhatsApp Group Join Now