बरेली - श्रद्धांजलि सभा में दिखी राजनीतिक नजदीकियां, राजेश अग्रवाल और संतोष गंगवार फिर आए साथ
बरेली - झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की स्वर्गीय धर्मपत्नी सौभाग्यवती गंगवार की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया। लंबे समय से बरेली की राजनीति के दो मजबूत और अलग-अलग शक्ति केंद्र माने जाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एक बार फिर साथ नजर आए। भारत सेवा ट्रस्ट पहुंचकर राजेश अग्रवाल न केवल श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए बल्कि परिवार के साथ आत्मीयता से समय बिताया और हवन में भी सहभागिता की।
उनकी यह मौजूदगी सिर्फ औपचारिक नहीं मानी जा रही, बल्कि राजनीतिक हलकों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि रिश्तों में जमी बर्फ के पिघलने की शुरुआत राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के पुत्र के विवाह समारोह से हुई थी और अब यह मुलाकात चर्चाओं को और हवा दे गई है। दरअसल, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की स्वर्गीय धर्मपत्नी सौभाग्यवती गंगवार की द्वितीय पुण्यतिथि पर भारत सेवा ट्रस्ट स्थित आवास एवं कार्यालय पर हजारों की संख्या में जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं और परिजनों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के आरंभ में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार, सुबोध सचान, पुत्र-पुत्रवधु एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हवन किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, मीरगंज विधायक डी.सी. वर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, वन मंत्री अरुण सक्सेना, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, बहोरन लाल मौर्य, उपज के जिलाध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता समेत अनेक गणमान्य लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
