लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों की अंतिम अरदास में लखीमपुर पहुंची प्रियंका गांधी, जयंत चौधरी
राजनैतिक दलों के नेताओं को मंच पर नहीं मिली जगह, आम जनता के बीच बैठीं प्रियंका गांधी
न्यूज टुडे नेटवर्क। लखीमपुर हिंसा में मृत किसानों की अंतिम अरदास तिकुनियां के ऐतिहासिक गुरूद्वारे में चल रही है। अंतिम अरदास में पांच राज्यों से करीब 50 हजार अधिक किसान पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी लखीमपुर पहुंच गयी हैं। वहीं रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी लखीमपुर पहुंचे हैं। हालांकि किसान मोर्चा के मंच पर पहले ही किसी राजनैतिक नेता को ना बैठाने की घोषणा की गयी थी। इसीलिए प्रियंका गांधी समेत अन्य नेता भी जनता के बीच ही बैठे। अंतिम अरदास कार्यक्रम हिंसा के मुख्य घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर कौडि़याला घाट गुरूद्वारे में चल रहा है। यहां 30 एकड़ के मैदान में कार्यक्रम की व्यवस्था की गयी है।
सबसे पहले पलिया से आए रागी जत्थे ने गुरुवाणी का बखान कर संगत को निहाल किया। कार्यक्रम में मृतक किसानों के परिवार वालों और घायल किसानों को भी बुलाया गया है। संयुक्त मोर्चा ने पहले ही ऐलान किया था कि अरदास कार्यक्रम के मंच पर कोई सियासी नेता नहीं बैठेगा। जो भी नेता इस कार्यक्रम में आएगा वह पब्लिक के साथ बैठेगा।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रवक्ता राकेश टिकैत सोमवार की रात में ही कार्यक्रम स्थल पहुंच चुके हैं। श्रद्धांजलि सभा में किसान जुटने लगे हैं। यहां कौड़ियाला घाट गुरुद्वारा में रविवार से ही अखंड पाठ चल रहा है। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए विशेष पुलिस जांच कमेटी के DIG उपेंद्र अग्रवाल, DM अरविंद चौरसिया और SP विजय ढुल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।