एमएलसी चुनावः पढ़े-लिखे वोटर की पसंद कौन, खुलने लगा वोटों का पिटारा

परसाखेड़ा, बरेली में स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी
शाम तक सामने आएगा स्पष्ट रुझान और रात तक अंतिम परिणाम
1996 से 2017 तक हर चुनाव में भाजपा ने लहराया जीत का परचम
दो बार से लगातार बाजी भाजपा के जयपाल व्यस्त के नाम ही रही
भाजपा ने जयपाल व्यस्त को तीसरी बार उतारा है चुनावी रण में
सपा के शिवप्रताप यादव से है भाजपाई जयपाल व्यस्त का मुकाबला
भाजपा और सपा दोनों कर रहे जीत के दावे, निगाहें मतगणना पर
न्यूज टुडे नेटवर्क। पहले एमएलसी चुनाव, फिर नगरीय निकाय इलेक्शन और फिर लोकसभा चुनाव। मान लीजिए, अब यहां से आगे फिजां में चुनाव चुनाव का शोर हर वक्त गूंजेगा। अभी बात बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की है तो इसमें जय-विजय की कहानी कुछ घटें में सामने आने वाली है। बरेली के परसाखेड़ा केन्द्र पर एमएलसी चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। वैलेटपेपर और वोट देने की वरीयता के तकनीकी पहलू की वजह से स्पष्ट रुझान शाम और अंतिम परिणाम रातद तक आने की संभावना है। बरेली-मुरादाबाद मंडल के 9 जिलों के पढ़े-लिखे स्नातक मतदाता अपना नीति नियंता बनाकर किसे सदन में भेजने वाले हैं, इस रिजल्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

उम्मीदवारों के लिहाज से देखें तो बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक चुनाव में कुल दस प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा उम्मीदवार के रूप में दो बार से लगातार एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त पूरे दमखम से चुनाव लड़े हैं। भाजपा के अनुभवी व्यस्त के मुकाबले सपा ने अपने युवा चेहरे शिवप्रताप सिंह यादव को तरजीह देकर एमएलसी चुनाव में टिकट दी है। मुख्य मुकाबला भाजपा और सपा उम्मीदवार के बीच ही माना जा रहा है। समाजवादी पा्रटी इस बार के जीत के दावे जरूर कर रही है मगर अतीत की कहानी उसके दावों को दम देती नहीं नजर आती। दरअसल, 1996 से 2017 तक बरेली-मुरादाबाद खंड एमएलसी चुनाव जितनी बार भी हुए, जीत का स्वाद हर बार भाजपा ने ही चखा है। 2014 तक भाजपा के नेपाल सिंह यहां से लगातार चुनाव जीतते रहे। उनके लोकसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने उप चुनाव में जयपाल सिंह व्यस्त को उतारा था तो उन्होंने भी जीत का झंडा बुलंद किया। उसके बाद 2017 में हुए चुनाव में भी जयपाल सिंह व्यस्त ने सपा उम्मीदवार को बड़े अंतराल से शिकस्त देकर सीट अपने नाम की थी। जयपाल व्यस्त भाजपा उम्मीदवार के रूप में तीसरी बार चुनाव मैदान में है, जबकि सपा के शिवप्रताप सिंह यादव का यह पहला चुनाव है।

30 जनवरी को हुए मतदान में बरेली, शाहजहांपुर,बदायूं, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर और जेपीनगर के 53.9 फीसदी स्नातक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। देखना ये है कि पहले के नतीजों की तरह पढ़े-लिखे मतदाताओं की पहली पसंद फिर से भाजपा बनकर सामने आती है। ऐसा हुआ तो भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त जीत की हैट्रिक लगाने में कामयाब होंगे। और अगर बाजी सपा के शिवप्रताप यादव के हाथ रही तो समाजवादी बिग्रेड के लिए बरेली-मुरादाबाद मंडल में अतीत की कहानी बदलकर भविष्य के लिए नई इबारत लिखने वाली बात होगी। फिलहाल सबको इंतजार वोटों का पिटारा खुलना है, जिस पर बरेली के परसाखेड़ा केन्द्र पर तेजी से काम चल रहा है। मंडलायुक्त बरेली संयुक्ता समद्दार ने बताया है कि कड़ी सुरक्षा में वोटों की गिनती जा रही है। मतगणना स्थल पर प्रशासन ने पारदर्शी तरीके से मतों की गिनती के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं।