रामनगरी अयोध्या में धर्मशाला बनाएगी कुमार तनय वैश्य महासभा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में हुआ निर्णय

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रामपुर के शाहाबाद में संपन्न, जुटे कई जिलों के पदाधिकारी  

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। कुमार तनय वैश्य महासभा रामनगरी अयोध्या में वैश्य धर्मशाला का निर्माण करायेगी। इसके साथ ही समाज के उत्थान के लिए महासभा नए काम करेगी। महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बुधवार को कई जिलों के सदस्यों व पदाधिकारियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय बैठक का आयोजन रामपुर के शाहाबाद में किया गया। बैठक का शुभारंभ कुमार कार्तिकेय की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन करके किया गया। महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नवगठित कमेटी के पदाधिकारियों का सम्मान किया। इस मौके पर महामंत्री जीवेन्द्र प्रकाश गुप्ता द्वारा महासभा की नयी कार्यकारिणी को शपथ दिलायी गयी।

मंच पर मौजूद महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री जीवेन्द्र प्रकाश गुप्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदप्रकाश गुप्ता और संरक्षक मंडल ने बैठक को संबोधित किया। वक्ताओं ने महासभा के द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर महासभा के संरक्षक सूर्यप्रकाश गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए नई कार्यकारिणी के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वैश्य महासभा निरंतर समाज की भलाई के लिए काम कर रही है। शाहाबाद के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने सूर्यप्रकाश गुप्ता को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

अयोध्या नगरी में वैश्य महासभा की धर्मशाला बनाने के लिए राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. आशीष गुप्ता को संयोजक बनाया गया है। अयोध्या में धर्मशाला भवन के लिए भूमि चयन को शीघ्र ही समिति का भी गठन किया जायेगा। इसके साथ ही बरेली के सुरेश शर्मा नगर चौराहे का नाम कार्तिकेय चौराहा करने पर बैठक में हर्ष जताया गया। वैश्य महासभा समिति बरेली यहां भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा स्थापित करायेगी। बदायूं के तिराहे पर भी भगवान कार्तिकेय की प्रतिमा की स्थापना की जायेगी।

महासभा के संरक्षक शिरीष गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वैश्य समाज के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज के लोग समय समय पर आयोजित होने वाले वैवाहिक परिचय सम्मेलनों में अधिक से अधिक भागीदारी करें। कहा कि आज हमें विभिन्न प्रकार से समाज को एकजुट रखने की जरूरत है। ताकि समाज के किसी भी व्यक्ति को मदद की जरूरत होने पर हम एक दूसरे की भरपूर मदद कर सकें। समाज के लोगों की मदद के लिए ब्लड डोनेशन, नौकरी, व्यापार, शिक्षा, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने जैसे विषयों से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर एक दूसरे से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में राजनीति के क्षेत्र में भी मजबूती जरूरी है। आवाह्न किया कि समाज के लोगों को राजनैतिक शक्ति प्रदान करने के लिए भी वैश्य समाज के लोग एकजुट होकर प्रयास करें। कहा कि अयोध्या में समाज की धर्मशाला भवन बनाने का संकल्प सभी के सहयोग से पूरा होगा। इसके लिए सभी महासभाएं अभी से प्रयास में जुट जाएं। उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में स्थित भगवान कार्तिकेय के प्राचीन मन्दिर के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी। 

बैठक में मुरादाबाद में आयोजित होने वाले आगामी परिवार मिलन समारोह की रूपरेखा पर भी चर्चा की गयी। मुरादाबाद युवा संगठन के अध्यक्ष पराग गुप्ता ने इस बारे में जानकारी दी। परिवार मिलन समारोह के आयोजन की जिम्मेदारी मुरादाबाद इकाई को दी गयी है। बैठक में समाज के मैट्रिमोनियल ग्रुप को लेकर चर्चा की गयी। बताया गया कि वैश्य समाज के कुमार तनय वैश्य मैट्रिमोनियल ग्रुप के नाम से दो व्हाट्सअप ग्रुप और वेबसाइट संचालित किए जा रहे हैं। समाज के युवक युवतियों के रिश्ते कराने के लिए सभी सदस्य ग्रुप में अपने अपने प्रस्ताव भेज सकते हैं। महिला सभा की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रज्ञा वैश्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें महासभा ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरे प्रयास के साथ निभाएंगी।

महिला सभा की राष्ट्रीय महामंत्री चन्द्रप्रभा वैश्य ने कहा कि जल्द ही सभी नगरों में महिला महासभा का गठन करने के प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम को राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अमित वैश्य, युवा राष्ट्रीय महामंत्री सुनीत गुप्ता, राष्ट्रीय वरिष्ठ संगठन मंत्री आशू गुप्ता ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंत्री स्वतंत्र प्रभार अमर वैश्य और महामंत्री मुकेश गुप्ता ने किया।

WhatsApp Group Join Now