बरेली पीलीभीत हाईवे पर कोहरे का कहर, दो दर्जन से ज्यादा यात्रियों की जान पर आफत, तीन वाहन टकराए

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली पीलीभीत हाईवे पर मंगलवार सुबह कोहरे के कहर के चलते बड़ा हादसा हो गया। हाईवे पर रोडवेज बस समेत तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में दो दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में घने कोहरे के चलते रोडवेज बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गयी। पीछे से आ रही सवारियों से भरी ईको वैन भी वाहनों से टकरा गयी। हादसे में कई यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुयी है।

बरेली पीलीभीत हाईवे पर सिथरा गांव के पास सुबह सात बजे के करीब रोडवेज सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गयी। टक्कर के बाद ट्रक सड़क से नीचे उतर गया। इसी बीच बरेली की ओर से आ रही ईको वैन भी बस से जा टकरायी। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद को दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अलग अलग अस्पतालों में घायलों का इलाज किया जा रहा है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बतायी गयी है।

हाफिजगंज थाना क्षेत्र में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह करीब सात बजे कोहरे के कारण 15 मीटर दूर भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान पीलीभीत डिपो की बस सवारियों को लेकर बरेली जा रही थी। सिथरा गांव के नजदीक कोहरे के कारण बस और ट्रक की टक्कर हो गई। ट्रक सड़क किनारे खाई में उतर गया। उसके पीछे आ रही सवारियों से भरी इको गाड़ी भी बस से भिड़ गई। हादसे से चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को शहर भेज दिया है। बताया जा रहा है कि हादसे में रोडवेज बस में सवार 20 यात्री और इको गाड़ी में बैठे आठ यात्री हादसे में घायल हुए हैं। इको सवार यात्रियों की हालत गंभीर है। सभी लोग बरेली से पीलीभीत जा रहे थे। उधर, हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।

WhatsApp Group Join Now