बरेली में क्लीनिक में घुसकर चिकित्सक की पत्नी की हत्या, पति गंभीर

 | 
बरेली में क्लीनिक में घुसकर चिकित्सक की पत्नी की हत्या, पति गंभीर

थाना बिथरी इलाके के पदारथपुर गांव में वारदात से सनसनी

लूट के इरादे से वारदात की आशंका, बदमाशों की तलाश जारी

न्यूज टुडे नेटवर्क। उत्तर प्रदेश के बरेली में मरीज बनकर क्लीनिक में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने चिकित्सक दंपति को चाकुओं को गोद दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई, जबकि चिकित्सक पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने लूटपाट के इरादे से हमले की आशंका जताई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटाई गई हैं। कुछ संदिग्ध लोग हिरासत में भी लिए गए हैं।

बरेली में बदमाशों के हमले की सनसनीखेज वारदात थाना बिथरी इलाके के पदारथपुर गांव में सामने आई है। यह इलाका हाल के दिनों में गौकशी एवं गौवंशीय पशुओं की तस्करी को लेकर खास चर्चाओं में रहा है। पुलिस के मुताबिक, पदारथरपुर के रहने वाले डा.फारुख आलम गांव में ही क्लीनिक चलाते हैं। देर रात कुछ अपराधी मरीज बनकर क्लीनिक पर पहुंचे और दवा लेने के बहाने दरवाज खुलवा लिया। अंदर पहुंचते ही बदमाशों ने डा.फारुख आलम और उनकी पत्नी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सूचना पर इलाके की पुलिस मौके पर पहुंच गई मगर तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। घायल दंपति को अस्पताल भिजवाया गया मगर नसरीन की जान नहीं बचाई जा सकी। गंभीर रूप से घायल डा.फारुख आलम का बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। एडीजी जोन बरेली पीसी मीणा, आईजी रेंज डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी अखिलेश चौरसिया, एसपी सिटी राहुल भाटी कई थानों के फोर्स के साथ घटना का पता होते ही मौके पर पहुंच गए और बदमाशों की तलाश में पुलिस की स्पेशल टीमों को जुटा दिया। अफसरों ने बताया कि मौके पर सामान बिखरा मिला है। इससे लग रहा है कि लूट के इरादे से बदमाश क्लीनिक में घुसे और विरोध पर डाक्टर व उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। वारदत से इलाके में दहशत है।

WhatsApp Group Join Now