बरेली पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के निशाने पर विपक्ष, ईवीएम को लेकर कही ये बात

न्यूज टुडे नेटवर्क। भाजपा की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी जनसंकल्प अभियान चलाने जा रही है। बरेली पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि यह अभियान 30 मई से शुरू होगा। अलग अलग स्वरूपों में 30 जून तक जन संकल्प अभियान चलेगा। चौधरी यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगठन के स्तर पर कैसे इस अभियान को घर घर तक पहुंचाया जाएगा इसकी रणनीति बनाने के लिए केन्द्रीय बैठक के बाद आज बरेली में आयोजित क्षेत्रीय बैठक में विचार विमर्श किया गया।

ईवीएम पर बार बार उठ रहे सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वह लोग चुनाव में नहीं लगे हुए थे। बल्कि चुनाव के बाद आने वाले नतीजों पर सवाल खड़े करने की योजना बना रहे थे कि किस प्रकार से जनता को गुमराह करना हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर जनता को मुद्दों से भटकाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा ने सभी सीटें जीती हैँ। 100 नगर पालिका सीटों पर भाजपा ने परचम लहराया है। वहीं 200 से ज्यादा नगर पंचायत सीटों पर भी भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं। पोस्टल बैलेट से चुनाव में भी भाजपा आगे रही है। कहा कि चुनाव में सपा बसपा और कांग्रेस कहीं भी दिखायी नहीं दी।

भाजपा की नीतियों पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा वोट बैंक में किसी से भी भेदभाव नहीं करती। हमने किसी का तुष्टिकरण नहीं किया है। प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ का सम्मान किया है। इसी को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
मुरादाबाद में हुए 1980 के दंगों पर जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इतनी बड़ी घटना मुरादाबाद में हुई। इतने बड़े स्तर पर जान माल का नुकसान हुआ। देश प्रदेश को यह सच्चाई जानने का पूरा अधिकार है। यह सरकार का दायित्व है और सरकार अपना दायित्व पूरा कर रही है।