माइक्रो मैनेजमेंट प्लान के दम पर ब्रज क्षेत्र में चमकी भाजपा, चुनावी रथ को मिली नई रफ्तार
भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने पत्रकार वार्ता में सामने रखे जीत के आंकड़े

न्यूज टुडे नेटवर्क। नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने ब्रज क्षेत्र के तीन मंडल बरेली, आगरा और अलीगढ़ में शानदार कामयाबी हासिल की है। चुनाव से कुछ ही समय पहले पार्टी आला कमान ने संगठन शिल्पी के रूप में अनुभवी नेता दुर्विजय सिंह शाक्य को ब्रज क्षेत्र संगठन का अध्यक्ष बनाया था और उन्होंने ब्रज का मैदान फतह कर दिखा दिया है। ब्रज में सरकारी तौर पर जिले हैं, जिन्हें भाजपा सांगठनिक रूप से 19 के रूप में संभालती है। भाजपा ने नगर निकाय चुनाव में ब्रज क्षेत्र में बरेली, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन, आगरा, फिरोजाबाद में मेयर मुकाबले जीते हैं, तो 38 नगर पालिका और 112 नगर पंचायतों में भी भगवा पताका फहराकर दिखाई दी है।

सभी 13 जिलों में चुनावी कामयाबी के बाद ब्रज क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने सोमवार को बरेली में प्रेस कांफ्रेंस कर चुनावी जीत के आंकड़े सामने रखे। दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि भाजपा ने इस बार ब्रज क्षेत्र में छह की छह मेयर सीटें जीती हैं। वहीं, 38 में 18 नगर पालिका चेयरमैन और 112 में से 47 नगर पंचायत अध्यक्ष मुकाबलों में बाजी मारी है। इतना ही नहीं, छह नगर निगमों में 470 में से भाजपा के 263 पार्षदों ने जीत हासिल की हैं। चार नगर पालिका और 11 नगर पंचायत ऐसे हैं, जहां भाजपा ने सिंबल पर पहली बार चेयरमैन की कुर्सी पर कब्जा जमाया है। ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि चुनाव को देखते हुए सांगठनिक रूप से 2834 बूथ समितियां गठित की गई थीं, जबकि माइक्रो मैनेजमेंट प्लान के तहत 2 लाख 21 हजार 134 पन्ना प्रमुख बनाए गए थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के कुशल नेतृत्व में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को निकाय चुनाव में ब्रज क्षेत्र के अंदर शानदार सफलता हासिल हुई है। भाजपा सरकार की कल्याणकारी नीतियों की वजह से जनता का भाजपा को आगे भी इसी तरह साथ मिलने की उम्मीद है। प्रेस कांफ्रेंस में बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम, भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा, बिथरी विधायक डॉ, राघवेन्द्र शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।