बरेली: फतेहगंज पश्चिमी में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या, जंगल में निर्वस्त्र शव मिलने से सनसनी

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली में अपराध नहीं रूक रहा है। लगातार तीन महिलाओं की हत्या के बाद चौथी महिला का शव जंगल में निर्वस्त्र मिलने से सनसनी फैली हुयी है। शाही थाना क्षेत्र में तीन महिलाओं की हत्या की वारदात के बाद अब फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में महिला का निर्वस्त्र शव मिलने से सनसनी फैल गयी है। पनवड़िया गांव के पास जंगल में आपत्तिजनक हालत में महिला का शव पड़ा मिला है। दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की आशंका जतायी जा रही है। मौके पर एसएसपी घुले सुशील चंद्र एसपी क्राइम को साथ लेकर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम वारदात की जगह का निरीक्षण करके सबूत जुटा रही है। पनवड़िया गांव के ग्रामीण गुरूवार सुबह जब खेतों की ओर गए तो वहां एक खेत से दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीणों ने जब वहां जाकर देखा तो दंग रह गए। वहां महिला का निर्वस्त्र शव पड़ा हुआ था। महिला के कपड़े फटे हुए दूर पड़े थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को वारदात की सूचना दी। थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और वारदात स्थल की घेराबंदी करके छानबीन  शुरू कर दी गयी। दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव एक दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। अभी महिला की पहचान नहीं हो सकी है। 

शाही क्षेत्र में हो चुकी हैं तीन महिलाओं की हत्या 

फतेहगंज पश्चिमी इलाके से सटे शाही थाना क्षेत्र में अभी तक इसी तरह तीन महिलाओं की हत्या हो चुकी है। अलग-अलग गांव की तीन महिलाओं के शव खेतों में मिले थे। सीरियल मर्डर की वारदात में कई समानताएं भी मिली हैं। दो महीने का समय बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अब फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई है। ग्रामीण इस मर्डर को भी शाही क्षेत्र में हो चुके मर्डर केस से जोड़कर देख रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now