बरेली: दबंगों ने महिला को इतना पीटा कि हो गया गर्भपात, चार माह का मृत बच्चा लेकर पहुंची थाने

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के बरेली में दबंगों की पिटायी से महिला का गर्भपात हो गया। मामला बरेली के आंवला इलाके सिरौली थाना क्षेत्र का है। सिरौली गांव के गुरगांव की महिला रामसखी गर्भवती है। वह अपने घर के बाहर चारपायी पर बैठी थी। रास्ते से गांव के दबंग युवक बाइक से गुजरे तो महिला से चारपायी हटाने को कहने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने महिला रामसखी की जमकर पिटायी कर दी।

दबंगों ने महिला पर लात घूंसे और डंडे बरसाए, उसे इतना मारा कि महिला का वहीं गर्भपात हो गया। दबंग महिला को पीटते रहे लेकिन गांव से कोई भी महिला को बचाने नहीं आया। पीड़ित महिला चार माह के मृत बच्चे को हाथ में लेकर थाने पहुंची तो सभी हैरान रह गए। दबंगों के खिलाफ महिला ने नामजद तहरीर पुलिस को दी है।

पूरे मामले में पुलिस ने आठ दबंग युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। महिला ने बताया कि यह दबंग युवक अक्सर गांव में लोगों से झगड़ा करते रहते हैं। कई बार गांव वालों से इन्होंने मारपीट की है, लेकिन किसी ने पुलिस से इनकी शिकायत नहीं की। महिला ने दबंगों पर कार्रवाई की गुहार लगायी है। पुलिस दबंगों की तलाश में जुटी है।

WhatsApp Group Join Now