बरेली: उमेश गौतम के प्रचार को धार देने पहुंचे केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा, बोले- प्रदेश भर में खिलेगा कमल
कहा- चाहें अतीक हों या मुख्तार, सूबे में अब योगी सरकार, सम्मेलन में सपा पर जमकर साधा निशाना

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली पहुंचे केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा है कि चाहें अतीक अहमद हों या मुख्तार अंसारी सभी को अपनी सही जगह पहुंचाया जा रहा है। यूपी में अब कानून का राज है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
बरेली में निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेजी से बढ़ रही हैं। चुनाव प्रचार तेज हो गया है, सबसे ज्यादा सरगर्मी सत्ताधारी भाजपा कैंप में दिख रही है। आने वाले दिनों में सीएम योगी से लेकर तमाम दिग्गज नेता पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार के लिए बरेली पहुंचने वाले हैँ। शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा बरेली पहुंचे और कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र दिए। शनिवार को प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद के बरेली आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

निकाय चुनाव में भाजपा के मेयर प्रत्याशी डा उमेश गौतम के चुनाव प्रचार को धार देने के लिए केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा शुक्रवार को बरेली पहुंचे। यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए वर्मा ने कार्यकर्ताओं में चुनावी जोशी भरा। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। निर्मल रिसोर्ट में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीएल वर्मा ने कार्यकर्ताओं में चुनाव में जीत के टिप्स दिए।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर चुनाव प्रचार में जुट जाएं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनायीं। कहा कि योगी राज में प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था लागू की गयी है। अब प्रदेश में कानून का राज है, गुंडे माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि निकाय चुनावों में सभी नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में कमल खिलेगा।