बरेली: चारा लेने गयी महिला का खेत में मिला शव, परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका

 | 

न्यूज टुडे नेटवर्क। बरेली में एक महिला की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया। महिला घर से चारा लाने खलिहान की तरफ गयी थी, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव देखा, उसके गले पर निशान मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वारदात शाही थाना क्षेत्र में हुयी।

शाही थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 55 वर्षीय विधवा महिला शाम को करीब साढ़े पांच बजे अपने खेत में चारा काटने गई थी। एक बार चारा लाकर घर रख गई। दोबारा चारा लेने गई थी। इसके बाद वापस नहीं आई। देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। 

शुक्रवार तड़के परिजन और गांव के लोगों ने दोबारा खोजबीन शुरू की। इसी दौरान महिला का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। यह खेत ग्राम प्रधान का है और महिला के खेत से करीब 200 मीटर दूर है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटनास्थल पर गहनता से छानबीन की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

परिजनों के मुताबिक महिला के गले पर कसे जाने का निशान है। चांदी के जेवर पहने थी, वो गायब है। चारा काटने वाला हसिया भी नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि पति की मौत के बाद महिला अपने तीन बेटों के साथ रह रही है। दो बेटों की शादी हो चुकी है।

WhatsApp Group Join Now