बरेली: ब्रजक्षेत्र के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट का मंत्र दे गए, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी
ब्रज क्षेत्र के 13 जिलों के 130 कार्यकर्ताओं को भोपाल में दिया जाएगा सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण

न्यूज टुडे नेटवर्क। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बरेली पहुंचे। सिविल लाइंस स्थित होटल में उन्होंने भाजपा की आईटी सेल और सोशल मीडिया टीम की बैठक ली। इसके बाद ब्रज क्षेत्र की कार्यशाला हुई। इसमें 13 लोकसभा क्षेत्रों से शामिल हुए 130 कार्यकर्ताओं को अगले कुछ दिनों में भोपाल में सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ प्लान पर फोकस करने को कहा। बूथों को प्रदर्शन के हिसाब से ए, बी, सी और डी कैटेगरी में बांटा गया है। बूथ की कैटेगरी के हिसाब से बूथ पालकों की जिम्मेदारी तय की गई है। सबसे कमजोर बूथ को डी कैटेगरी दी गई है और विशेष रूप से इन्हीं पर काम करने को कहा गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि डी कैटेगरी में उन बूथों को रखा गया है, जहां भाजपा कमजोर है और जीत नहीं पाती।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि डी कैटेगरी के बूथों की संख्या नाम के साथ पार्टी के पास हैं। अगले कुछ दिनों में भोपाल में सोशल मीडिया सेल का विशेष प्रशिक्षण वर्ग लगेगा और उसमें कार्यकर्ताओं को जाना है। वहां प्रशिक्षण के अंतिम दिन आपको हर लोकसभा के डी कैटेगरी के बूथ बता दिए जाएंगे। इसके बाद उन बूथों को मजबूत करने की दिशा में आपको काम करना होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा और महानगर अध्यक्ष केएम अरोड़ा से कहा कि आप भी मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान शुरू करा दें। बैठक में सांसद संतोष गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महापौर उमेश गौतम, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।